गौसेवा के महायज्ञ में सबका योगदान जरुरी हैं, भिवंडी के अनगाँव में श्री गोपाल गौशाला में श्रद्धा-भाव से मनाई गई गोपाष्टमी  / रिपोर्ट स्पर्श देसाई

•Photo by Agency•


                   मुंबई/रिपोर्ट स्पर्श देसाई

गोपाष्टमी के पावन पर्व पर भारतीय गौवंश रक्षण संवर्धन परिषद व श्री गौसेवा समिति, भिवंडी व्दारा ठाणे जिले की भिवंडी तहसील अंतर्गत स्थित श्री गोपाल गौशाला, अनगांव में 18 वें गोपाष्टमी मेले का आयोजन किया गया था ।
             समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध उद्योगपति-समाजसेवक एवं गौभक्त श्री मोहनलाल अग्रवाल सपत्नीक उपस्थित थे। कार्यक्रम के आरंभ में उन्होंने सपत्नीक व मित्र परिवारों के साथ गौशाला के गौमाता मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना कर भव्य आरती की थी उसके बाद गौ-पूजन परिक्रमा  करके गौशाला के केंद्रस्थल पर बने विशाल पंडाल में आयोजित प्रमुख कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने गौशाला को 51 लाख रुपए बतौर दान देते हुए जल्द ही भिवंडी शहर में 1500 से 2000 वर्गफीट क्षेत्रफल का कार्यालय बनवा कर देने का भी ऐलान किया । जिस पर करीब 1 करोड़ रूपए खर्च होने का अनुमान है। इस कार्यालय से गौशाला के एकाउंट संबंधी काम समेत अन्य गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। कार्यालय का शिलान्यास संभवतः आगामी 2-3 माह के भीतर होगा। श्री मोहनलाल अग्रवाल ने सभी गौ-भक्तों को अपने संबोधन में सबसे मिलजुल कर एक साथ गौ-सेवा करने को कहा, क्योंकि एकता में बड़ी शक्ति होती है और गौसेवा किसी एक अकेले के बस की बात नहीं है, यह एक महायज्ञ है, जिसमें सबके योगदान-आहूति की नितांत आवश्यकता है। कार्यक्रम में उन्होंने यहां शीघ्र ही गायों के लिए भव्य चिकित्सालय भवन बनवाने तथा गायों की पार्थिव देह की सम्मानपूर्ण तरीके से अंतिम विधि संपन्न कराने के लिए सुसज्ज श्मशानभूमि व अन्य कई जरुरी विकासकार्यों का भी प्रबंध कराए जाने की घोषणा की। 
              इस अवसर पर परमार्थ सेवा समिति की ओर से गौशाला के लिए पानी की टंकी का भूमिपूजन भी हुआ था, जिसे विव्दान ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच श्री गोपाल बियानी और श्री रवि लालपुरिया के करकमलों से संपन्न कराया गया। समारोह के अन्य अतिथियों में रघुनाथ शोभासरिया, हनुमान तोस्तीवाल, नितिन जोशी, त्रिलोकचंद जैन, लक्ष्मण राजपुरोहित, प्रमोद रामुका, विश्वनाथ बगड़िया, राजकुमार गुप्ता, किरण सेठी, बनवारीलाल कांकरिया, ललित बिंद्रा, विनोद कंदोई, पिंटू कुमावत, अंजना शाह, निधि कोष्टीवाल, उमाशंकर गुप्ता, शांताराम मोरे, मोतीलाल पातरेचा आदि महानुभावों का समावेश था। सभी ने कार्यक्रम में गौशाला के लिए यथाशक्ति धनराशि दान में दी और कई ने गुप्तदान भी दिये।
              पूरी तरह गौमाता को समर्पित 18 वें गोपाष्टमी मेले के इस अनूठे समारोह में जगह-जगह से बड़ी संख्या में गौभक्त सपरिवार उमड़े थे, जो बेहद श्रद्धा-भाव से गउओं को हलुआ-पूरी, मिठाई, चारा, गुड़ समेत अन्य फल खिला रहे थे, उनके माथे पर तिलक लगा और पाँव छू कर मन-ही-मन पुण्यलाभ प्राप्त होने का अहसास भी कर रहे थे। यह थी गौ-पूजन परिक्रमा। इस मेले में समूचा माहौल बिल्कुल मेले का सा ही था। कई एकड़ भूमि के दायरे में फैली इस बृहद गौशाला परिसर में कई जगह गाय के गोबर से बनी अगरबत्ती-धूपबत्ती-साबुन, हवन सामग्री, रुद्राक्ष-स्फटिक की माला, गौमूत्र से निर्मित विविध हर्बल औषधियों समेत अन्य संबंधित उत्पादों व धर्मग्रंथ, देवी-देवताओं की पोशाखों की बिक्री के स्टॉल लगाए गए थे।            
         गौशाला के स्वयंसेवकों के मुताबिक यहां करीब ढाई हजार गायें हैं, जिनमें ज्यादातर अपंग और उम्रदराज हैं। लगभग 1000 दुधारू हैं। इन गायों में बड़ी संख्या में कसाइयों के चंगुल से मुक्त कराई गई हैं। कार्यक्रम में इस्कॉन, भिवंडी के कलाकारों के सुमधुर स्वर में भक्तिगीतों की प्रस्तुति ने समूचे वातावरण में गजब का समां बाँध दिया। समापन महाभंडारे से हुआ, जिसमें हजारों गौभक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्यलाभ लिया था ।   

       
रिपोर्ट स्पर्श देसाई √•Metro City Post # MCP•News Channel • के लिए...


Comments

Metro City Post - Popular Post

मुंबई चीरा बाजार में व्यापारी ने अपनी पत्नी की हत्या कर के खुदकूशी करली / रिपोर्ट स्पर्श देसाई